खगड़िया /बेलदौर से रेशु रंजन की रिपोर्ट |
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के कुर्बन गांव में शुक्रवार की रात एक 17 वर्षीय किशोर राजू कुमार की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। राजू गांव में एक शादी समारोह में डीजे और टेंट का काम कर रहा था। रात करीब 2 बजे के बाद वह अचानक लापता हो गया, और शनिवार सुबह उसका निर्वस्त्र शव गांव से लगभग 300 मीटर दूर मधेपुरा सीमा के पास लड्डू सिंह के बगीचे में मिला।
मृतक के मुंह में गोली मारी गई थी, और उसके कपड़े शव से लगभग 70 मीटर दूर फेंके गए थे। हत्या की क्रूरता और शव की हालत ने ग्रामीणों और परिजनों को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक की पहचान कुर्बन पंचायत के वार्ड संख्या 6, महदीपुर बासा निवासी सुधीर सिंह के इकलौते बेटे राजू कुमार के रूप में हुई है। मृतक के मामा सुमन सिंह ने बताया कि राजू शुक्रवार रात तक शादी समारोह में सक्रिय था, और आखिरी बार उसे रात 2 बजे देखा गया था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया।
शनिवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने बगीचे में उसका शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बेलदौर थाना के दारोगा रणवीर कुमार राजन, राजेश कुमार, चंद्रभूषण सिंह और पीएसआई राहुल कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए खगड़िया भेज दिया।
पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
परिजनों का कहना है कि राजू की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। शांत और मेहनती स्वभाव के कारण वह सबका प्रिय था।
इस हत्या से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

















