एसडीएफ न्यूज ब्यूरो
खगड़िया: खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक अवैध मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि मोरकाही थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कामाथान बहियार स्थित एक वासा पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध हथियार और हथियार निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान इंजमामुल उर्फ अप्पु, वसीम उर्फ वसुआ और मो. सदरूल के रूप में हुई है, तीनों मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह (थाना मुफस्सिल) के निवासी हैं। वहीं, नौ अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। इस मामले में मोरकाही थाना कांड संख्या 111/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मौके से पिस्टल-03, अर्द्धनिर्मित पिस्टल-01, 315 बोर की मिसफायर गोली-01, 32 बोर की ज़िंदा गोली-02, खोखा-01, मैगजीन-08, अर्द्धनिर्मित मैगजीन-03, ड्रिल मशीन-02, हथौड़ी-02, भांथी-01, बेस पटरा-07, कट्टा बॉडी-06, कट्टा बॉडी प्लेट-30, अर्द्धनिर्मित कट्टा-06, हैमर-02, हैंड बेस-03, लोहा पटरा-01, बड़ा, गोल और छोटा रेती कुल-40, आरी फ्रेम-04, पिस्टल बैरल-02, कट्टा बैरल पाइप-01, साइकिल फोक-07, रीमर-01, हेक्सा ब्लेड-35, मैगजीन स्प्रिंग-07, पिस्टल स्प्रिंग-07, बटाली-01 सहित भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास है और ये एक संगठित नेटवर्क के तहत अवैध हथियार निर्माण और आपूर्ति में संलिप्त रहे हैं। इस कार्रवाई में मोरकाही थानाध्यक्ष विजय सहनी, अलौली थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित एसटीएफ व स्थानीय पुलिस बल के अधिकारी शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

















