एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया के चित्रगुप्त नगर स्थित इंडोर स्टेडियम इस सप्ताह बिहार के जूनियर बैडमिंटन सितारों के लिए रणभूमि बन गया, जहां चार दिनों तक चला हंड्रेड द्वितीय बिहार स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025 उत्साह, रोमांच और खेल भावना से भरपूर रहा। बिहार बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में और खगड़िया जिला बैडमिंटन संघ के आयोजन में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में राज्य भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर खगड़िया को राज्यस्तरीय खेल मानचित्र पर चमका दिया।टूर्नामेंट के नतीजों ने जहां भविष्य के बैडमिंटन सितारों की पहचान कराई, वहीं रणवीर सिंह ने एकल और डबल्स दोनों में दबदबा बनाकर सबको चौंका दिया।
अंडर-19 बालक एकल फाइनल में पटना के रणवीर सिंह ने मुंगेर के पराग सिंह को 21-11, 21-18 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। वहीं बालिका एकल वर्ग में कटिहार की टॉप सीड वैष्णवी ने कटिहार की ही सौम्या भारती को 11-21, 22-20, 21-14 से कड़े संघर्ष में मात दी और चैंपियन बनीं। डबल्स मुकाबले में पटना के रणवीर सिंह और मुंगेर के पराग सिंह की जोड़ी ने समस्तीपुर के रिशव राज और पटना के सक्षम वत्स की जोड़ी को सीधे सेटों में 21-17, 21-19 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
खचाखच भरे स्टेडियम में हुए पुरस्कार वितरण समारोह में बिहार बैडमिंटन संघ के सचिव के.एन. जायसवाल, जिला खेल पदाधिकारी घनश्याम कुमार, खगड़िया संघ के सचिव डॉ. एच. प्रसाद, कटिहार संघ के सचिव आकाश झा समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष और बिहार हाटकेश फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. प्रेम कुमार ने किया।
टूर्नामेंट की सफलता पर डॉ. एच. प्रसाद ने प्रसन्नता जताते हुए कहा, “यह आयोजन खगड़िया के लिए गौरव की बात है। हमने फरवरी 2026 में बिहार वेटरन बैडमिंटन टूर्नामेंट आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा है।” उन्होंने आयोजन समिति और सभी स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना की।
मौके पर संघ के उपाध्यक्ष संजीव प्रकाश, डॉ. सुनील कुमार, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता, संयुक्त सचिव अमन सिंहा, रणधीर सिंह, डॉ. नागमणि, सदानंद प्रसाद, जैनेन्द्र नाहर, डॉ. राजीव रंजन, संतोष, रवि, मुकेश, रणवी सिंह, शोभा, मिलन रानी, आईएम के सचिव डॉ. शैलेन्द्र कुमार, आईडीए के सचिव डॉ. देवव्रत और सर्जन डॉ. पवन कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
खगड़िया ने साबित कर दिया कि जुनून, समर्पण और सुनियोजित प्रयास के साथ कोई भी जिला राज्यस्तरीय खेल आयोजन को ना सिर्फ सफल बना सकता है, बल्कि नए सितारों को जन्म भी दे सकता है। रणवीर, वैष्णवी और पराग जैसे युवा खिलाड़ी बिहार के भविष्य के चैंपियनों की उम्मीद जगाते हैं — और यह सफर यहीं नहीं थमता।


















