एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो:
कोसी क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर आई है। मधेपुरा सांसद दिनेशचंद्र यादव की पहल पर मानसी से सहरसा, सुपौल, मधेपुरा और पूर्णिया तक के रेलखंडों के दोहरीकरण कार्य का शुभारंभ अब जल्द होने जा रहा है। सांसद यादव ने 30 जुलाई 2025 को लोकसभा में यह मुद्दा पुरजोर ढंग से उठाया और कहा कि देशभर में जहां रेल लाइन दोहरीकरण जोरों पर है, वहीं कोसी क्षेत्र अब तक इस विकास से वंचित है।
उन्होंने बताया कि “सिंगल लाइन के कारण हर स्टेशन पर गाड़ियों को रोका जाता है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। जबकि कोसी अंचल से बड़ी संख्या में यात्री रोजाना यात्रा करते हैं।”
उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे के तहत आने वाले मानसी-सहरसा, सहरसा-सुपौल और सहरसा-पूर्णिया रेलखंडों पर दोहरीकरण कार्य की ज़रूरत को रेखांकित करते हुए कहा कि यह कार्य जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
लोकसभा में जोरदार भाषण के बाद सांसद यादव ने रेल मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात की, जिस पर मंत्री ने आश्वस्त किया कि यह कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
सांसद की इस घोषणा के बाद कोसी अंचल में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों को अब उम्मीद है कि ट्रेनों की लेटलतीफी खत्म होगी और सफर होगा सुविधाजनक व समयबद्ध।



















