एसडीएफ न्यूज ब्यूरो ,खगड़िया
खगड़िया जिले के बलुआही स्थित ऐतिहासिक ठाकुरबाड़ी मंदिर में सोमवार से पांच दिवसीय झूलन महोत्सव का शुभारंभ हो गया। इस सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन का भव्य उद्घाटन राजद जिलाध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी प्रत्याशी मनोहर कुमार यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस दौरान ठाकुरबाड़ी परिसर भक्तों की भीड़ से खचाखच भरा रहा और जय श्री राधे के नारों से वातावरण गूंज उठा। उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में मनोहर यादव ने कहा कि झूलन महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि यह हमारी सनातन परंपरा, सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि बलुआही ठाकुरबाड़ी में झूलन महोत्सव की परंपरा सौ वर्षों से भी अधिक पुरानी है, जो आज भी उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवित है। यह आयोजन भक्ति, प्रेम और सौंदर्य की त्रिवेणी है जो राधा-कृष्ण की लीलाओं को जीवंत करती है।
राधा-कृष्ण की भव्य झांकी को फूलों और रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालु झूले में विराजमान ठाकुरजी को झुलाते हैं और विशेष आरती एवं भोग अर्पित करते हैं। आयोजन के तहत 5 दिनों तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 12 बजे तक भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से आए कथावाचकों द्वारा श्रीकृष्ण लीलाओं का सुंदर वर्णन किया जा रहा है। वहीं, 8 और 9 अगस्त को दोपहर 4 बजे से विशेष कुश्ती दंगल का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय व बाहरी पहलवानों की टक्कर देखने को मिलेगी। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भव्य व्यवस्था की गई है। मौके पर राजद के कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें राजद जिला मीडिया प्रभारी रणवीर कुमार, नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार, ठाकुरबाड़ी सचिव वेदो यादव, ग्रीश यादव, शकलदीप यादव, अभिजीत सिंह उर्फ सोनू, जितेंद्र कुमार और अजीत तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद थे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्सव का माहौल है और श्रद्धालु प्रतिदिन बढ़ती संख्या में पहुंचकर भक्ति भाव में सराबोर हो रहे हैं।

















