एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
परबत्ता विधानसभा क्षेत्र और आसपास के लाखों लोगों के लिए आज का दिन बेहद ऐतिहासिक है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की एक ही मांग थी – राजधानी पटना जाने के लिए सुविधाजनक और सीधी ट्रेन सेवा। यह सपना अब हकीकत बन चुका है। सांसद श्री राजेश वर्मा जी की निरंतर सकारात्मक पहल और अथक प्रयासों का नतीजा है कि अब कटिहार–पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (15713/15714) का ठहराव गौछारी स्टेशन पर सुनिश्चित हो गया है।
यह केवल एक स्टेशन का ठहराव नहीं है, बल्कि यह पूरे परबत्ता क्षेत्र की भावनाओं का सम्मान है। इससे गौछारी, पसराहा, गोगरी और परबत्ता समेत हजारों-लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले जहां लोगों को पटना जाने के लिए घंटों की मशक्कत करनी पड़ती थी, वहीं अब इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रा होगी आसान, सुरक्षित और तेज़।
इस निर्णय से न केवल आम यात्रियों की परेशानी कम होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोज़गार के अवसरों के लिए पटना तक सीधी पहुँच मिलने से युवाओं, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों सभी को व्यापक लाभ होगा।
खगड़िया सांसद राजेश वर्मा ने कहा –“गौछारी स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग का सम्मान है। जनता की भावनाओं को सर्वोपरि रखते हुए मैंने यह प्रयास किया और आज मुझे खुशी है कि क्षेत्र का सपना साकार हुआ है।”
आज पूरे इलाके में खुशी की लहर है। यह ठहराव सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि यह आने वाले दिनों में परबत्ता विधानसभा और खगड़िया जिले की तरक्की की राह को और भी सुगम बनाएगा।

















