एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया: युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी के नेतृत्व में खगड़िया से सैकड़ों युवाओं और समाजसेवियों ने नवगछिया में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में ऐतिहासिक भागीदारी दर्ज कराई। यह यात्रा केवल एक मार्च नहीं बल्कि लोकतंत्र को जीवंत करने का एक जनआंदोलन बन चुकी है। पप्पू यादव समर्थकों की भी भारी मौजूदगी ने लोकतांत्रिक एकजुटता का संदेश दिया। अपने संबोधन में नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि जब तक हर नागरिक अपने वोट की ताकत को नहीं पहचानता, तब तक सच्चा लोकतंत्र अधूरा है। यह यात्रा जनता को मतदान का महत्व बताने के साथ-साथ तानाशाही और जनता विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का भी प्रयास है।
त्यागी ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बेरोजगारी चरम पर है, युवा हताश हैं और सरकार जुमलों व विज्ञापनों से आगे कोई ठोस नीति नहीं बना पा रही है।
किसानों की आय दोगुनी करने का वादा छलावा साबित हुआ, महंगाई और निजीकरण ने आमजन की जिंदगी कठिन बना दी है। एक ओर उद्योगपतियों के करोड़ों के कर्ज माफ हो रहे हैं, वहीं गरीबों की शिक्षा, स्वास्थ्य और राशन योजनाओं में कटौती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने सत्ता में आने के बाद लोकतंत्र को कमजोर किया है, संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव है और जनता की आवाज कुचली जा रही है। यही वजह है कि यह यात्रा केवल मतदाता जागरूकता नहीं बल्कि लोकतंत्र की पुनःस्थापना का प्रयास है। इसका उद्देश्य है हर नागरिक को मताधिकार के प्रति जागरूक करना, युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करना और वंचित वर्गों को स्वतंत्र व जागरूक निर्णय लेने के लिए संगठित करना। इस अवसर पर रामपुर पंचायत के मुखिया कृष्णानंद यादव, मुखिया शशिभूषण कुमार सिंह, युवा शक्ति के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार यादव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष मिथुन कुमार शर्मा, गोगरी प्रखंड प्रमुख अशोक पंत, अभय कुमार गुड्डू, आशुतोष यादव, अधिवक्ता शशि कुमार, अजीत कुमार पप्पू, कविरंजन यादव, जवाहर यादव समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

















