एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
नवरात्रि के प्रथम दिन खगड़िया सदर प्रखंड के मारड़ स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में यूथ फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया द्वारा अखंड कन्या पूजन का भव्य और दिव्य आयोजन किया गया,जहां मंदिर प्रांगण श्रद्धा,भक्ति और माता रानी के गगनभेदी जयघोषों से गूंज उठा।तेलंगाना प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर जी और संजय खंडेलिया ने विधिवत पूजन-अर्चन कर कन्याओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर चंद्रशेखर जी ने कहा कि नवरात्रि माँ दुर्गा की शक्ति और उनके आशीर्वाद का प्रतीक है,कन्या पूजन आने वाली पीढ़ियों को धर्म,संस्कार और मातृशक्ति के प्रति आदर का मार्ग दिखाता है।
वहीं संजय खंडेलिया ने अपने संबोधन में कहा कि कन्या पूजन हमारी सनातन परंपरा की आत्मा है,यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि समाज को यह संदेश देता है कि नारी शक्ति का सम्मान ही सच्ची प्रगति की कुंजी है।पूरे आयोजन के दौरान मंदिर प्रांगण दीपों,पुष्पों और धार्मिक झांकियों से सुसज्जित रहा और वातावरण में अद्भुत आध्यात्मिक आभा छाई रही।माता रानी के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति के साथ सहभागिता दी।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष शत्रुघन भगत,कोषाध्यक्ष मृत्युंजय झा,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अश्वनी चौधरी,निवर्तमान महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना पटेल और जिला प्रभारी राजकिशोर जी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर नवरात्रि के प्रथम दिन का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना बल्कि समाज को यह अनुपम संदेश भी दे गया कि नारी शक्ति का सम्मान ही भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी धरोहर है।























