एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे सड़क, नाला, सार्वजनिक शौचालय एवं कुआं जीर्णोद्धार कार्यों का नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने विभिन्न वार्डों में जाकर स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समयसीमा की विस्तृत समीक्षा की।
इस दौरान सड़क निर्माण की लेवलिंग, नाला निर्माण की ढलान एवं जलनिकासी व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति तथा पुराने कुओं के जीर्णोद्धार कार्यों को बारीकी से परखा गया। जहां भी तकनीकी या प्रशासनिक कमियां नजर आईं, वहां संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में जिला परिषद सदस्य (क्षेत्र संख्या–01) रजनीकांत कुमार, कनीय अभियंता रौशन कुमार, कनीय अभियंता किशन कुणाल सहित नगर परिषद की टीम मौजूद रही। अभियंताओं को विभागीय मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन्हें गंभीरता से सुना गया। नागरिकों ने नियमित निरीक्षण से कार्यों की गुणवत्ता में सुधार और पारदर्शिता बढ़ने की बात कही।नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने कहा कि योजनाओं का लाभ जमीन पर दिखना चाहिए और इसके लिए वे स्वयं क्षेत्र में जाकर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के सभी वार्डों में समान रूप से बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिकता है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया















