एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया में गुरुवार को सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में युवा शक्ति खगड़िया के बैनर तले एक विशाल मौन जुलूस निकाला गया। संगठन ने इस प्रदर्शन को पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण प्रतिरोध बताया।
मौन जुलूस की शुरुआत शहर के बलुवाही ठाकुरबाड़ी परिसर से हुई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक अपने मुंह पर काली पट्टी बांधकर हाथों में तख्तियां लिए शामिल हुए। काली पट्टी न्याय की आवाज दबाए जाने के प्रतीक के रूप में बांधी गई थी। जुलूस महात्मा गांधी मार्ग, फ्लाईओवर ब्रिज और कचहरी रोड से गुजरते हुए समाहरणालय परिसर के समीप पहुंचकर समाप्त हुआ। पूरे मार्ग में अनुशासन और शांति का विशेष ध्यान रखा गया।
समाहरणालय के पास जुलूस समाप्त होने के बाद युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लगातार आवाज उठा रहे थे। उनकी गिरफ्तारी से कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया।
प्रदेश महासचिव कृष्णानंद यादव ने प्रशासन से मांग की कि सांसद के खिलाफ की गई कार्रवाई की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
जुलूस के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने नागरिकों से न्याय और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
















