एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 13 मार्च को प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को खगड़िया परिसदन में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न दलों के विधायक और जिलाध्यक्ष शामिल हुए तथा मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, अलौली विधायक रामचंद्र सदा, बेलदौर विधायक पन्ना लाल पटेल, परबत्ता विधायक बाबू लाल शौर्य, जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी, भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार नाटा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खगड़िया में समृद्धि का संदेश लेकर आ रहे हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि कार्यक्रम भव्य और ऐतिहासिक बने। उन्होंने बताया कि बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वागत की तैयारियों और विभिन्न दलों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री के संभावित रूट चार्ट पर भी गहन मंथन किया गया, ताकि आयोजन सुचारू रूप से हो सके।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का काफिला संसारपुर मैदान से निकलकर सबसे पहले नगर सुरक्षा तटबंध का निरीक्षण करेगा। इसके बाद गंडक नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया जाएगा और स्टेशन रोड के निर्माण एवं विकास कार्यों का भी जायजा लिया जाएगा।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री का काफिला पुनः संसारपुर मैदान लौटेगा, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित होने की संभावना है।
बैठक में उपस्थित सभी दलों के नेताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा खगड़िया के विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इससे जनता को कई योजनाओं का लाभ मिलेगा।















