एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया। नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में वार्ड संख्या–15 के दाननगर स्थित माँ दुर्गा मंदिर परिसर में करीब 7 लाख रुपये की लागत से फेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी ने फीता काटकर किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
माँ दुर्गा मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था स्थल है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। लंबे समय से मंदिर परिसर में पक्के फर्श की कमी के कारण श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी होती थी।
खासकर बरसात के मौसम में कीचड़ और जलजमाव की समस्या गंभीर हो जाती थी।
अब फेवर ब्लॉक निर्माण कार्य शुरू होने से मंदिर परिसर का स्वरूप बदलने की उम्मीद है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी और परिसर अधिक स्वच्छ व व्यवस्थित दिखाई देगा।
उद्घाटन के अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद खगड़िया शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाला, जलनिकासी और स्ट्रीट लाइट के साथ-साथ धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा के पावन प्रांगण में इस जनकल्याणकारी कार्य का शुभारंभ होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। नगर परिषद का प्रयास है कि शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएं, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य के लिए खुशी जताते हुए नगर सभापति के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि मंदिर परिसर में फेवर ब्लॉक बनने से श्रद्धालुओं को आने-जाने में काफी सुविधा होगी तथा मंदिर का वातावरण पहले से अधिक स्वच्छ और आकर्षक दिखाई देगा।














