एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
नीतीश कुमार आज अपनी प्रगति यात्रा के दौरान खगड़िया जिले में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यापक तैयारी की गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री 43 करोड़ रुपये की लागत से 35 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 261 करोड़ रुपये की लागत से 284 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।मुख्यमंत्री खगड़िया शहर में नगर सुरक्षा तटबंध के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर बनाए जा रहे फ्लड लाइट गेट के निर्माण कार्य का भी जायजा लेंगे, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री बूढ़ी गंडक नदी पर खगड़िया और बख्तियारपुर बाइपास पथ के बीच निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण करेंगे तथा राजेंद्र चौक से बरईया रेलवे क्रॉसिंग तक बनने वाले पथ निर्माण कार्य की भी समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री अलौली प्रखंड में बागमती नदी पर निर्माणाधीन पुल और मानसी प्रखंड के अगुवानी घाट से सुल्तानगंज घाट तक बनने वाले बाइपास पथ के निर्माण कार्य की भी समीक्षा करेंगे।
इसके अलावा राज्य उच्च पथ-95 के चौड़ीकरण, कात्यायनी स्थान मंदिर के पर्यटन विकास, खगड़िया-परिहारा-बखरी लिंक पथ निर्माण तथा खगड़िया रेलवे स्टेशन से महेशखूंट रेलवे स्टेशन के बीच आरओबी निर्माण जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी समीक्षा की जाएगी।
सदर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के इस दौरे से खगड़िया जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता को कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलेगा।














