एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी 11 महत्वपूर्ण योजनाओं का मांगपत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
विधायक ने कहा कि इन योजनाओं को सरकार की मंजूरी मिलने से खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी और आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक ने अपने मांगपत्र में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों में खगड़िया जिले का चहुंमुखी विकास हुआ है। एक समय फरकिया क्षेत्र के नाम से पहचाने जाने वाला खगड़िया अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मांगपत्र में मानसी प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग की गई है। साथ ही जिला मुख्यालय में कृषि महाविद्यालय खोलने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि कृषि प्रधान जिले के किसानों और युवाओं को आधुनिक कृषि शिक्षा और तकनीक का लाभ मिल सके।
इसके अलावा रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के मथार में गंगा नदी के तट पर बंडाल निर्माण, जिला मुख्यालय में प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय की स्थापना तथा महिला महाविद्यालय में छात्रावास निर्माण की मांग भी की गई है, जिससे खासकर छात्राओं को शिक्षा में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विधायक ने कहा कि खगड़िया जिला मुख्यालय में अभी तक कोई स्टेडियम नहीं है। ऐसे में यहां मल्टीपरपस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि जिले के युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके साथ ही खगड़िया शहर, मानसी नगर पंचायत और सदर अस्पताल में ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण की मांग की गई है, जिससे लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।
वहीं बूढ़ी गंडक बस स्टैंड से अघोरी स्थान होते हुए सीढ़ी घाट से समस्तीपुर तक मरीन ड्राइव की तर्ज पर सड़क निर्माण, मानसी स्टेशन के पश्चिमी केबिन ढाला पर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को राज्य राजमार्ग-95 से जोड़ने के लिए आरओबी निर्माण तथा ओलापुर गंगौर पंचायत के चक्किपार और खड़गी तिरासी घाट पर पुल निर्माण की मांग भी रखी गई है।
इसके अलावा खगड़िया शहर और मानसी में मल्टी लेवल मार्केट और मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण को भी जल्द स्वीकृति देने का अनुरोध किया गया है।
विधायक ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इन सभी योजनाओं पर सकारात्मक पहल करेंगे, जिससे खगड़िया के विकास को नई गति मिलेगी।















