एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड के बीच पहली बार सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है।करीब 10 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी द्वारा फीता काटकर किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया किवनगर परिषद खगड़िया के इतिहास में पहली बार इस महत्वपूर्ण एवं अत्यंत व्यस्त क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड तक प्रतिदिन हजारों लोगों, यात्रियों,दुकानदारों एवं राहगीरों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन अब तक यहां सार्वजनिक शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं थी।
लोगों का कहना है कि खासकर महिलाओं,बुजुर्गों एवं दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।कई बार लोगों को मजबूरी में इधर-उधर जाना पड़ता था,जिससे स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित होती थी।अब शौचालय निर्माण होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद द्वारा करीब ₹10.53 लाख की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है।इससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी,बल्कि शहर की सार्वजनिक सुविधाओं में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद शहर को स्वच्छ,व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालय की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी और लोगों की जरूरत को देखते हुए इस योजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया।
उन्होंने कहा कि,राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड तक यह क्षेत्र शहर का अत्यंत व्यस्त इलाका है।यहां शौचालय निर्माण होने से हजारों लोगों को प्रतिदिन सुविधा मिलेगी और स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद आगे भी शहर के विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार करेगी,ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद सरिता देवी,वार्ड पार्षद पप्पू यादव,पूर्व उपसभापति विनय पटेल,वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अक्षय सूरी,रौनक सहनी,आनंद यादव,मनीष सहनी,कक्कू पटेल,अरुण सिंह,धर्मेंद्र कुमार, अजीत कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर परिषद एवं नगर सभापति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।लोगों ने कहा कि अब यात्रियों एवं आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कुल मिलाकर,राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड के बीच सार्वजनिक शौचालय निर्माण कार्य का उद्घाटन यह दर्शाता है कि नगर परिषद खगड़िया लगातार आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और शहर को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया

















