एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की राज्य परिषद की बैठक में खगड़िया सदर विधानसभा के विधायक बबलू कुमार मंडल ने अपनी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता से विशेष पहचान बनाई।बैठक के दौरान पूरे बिहार में चलाए गए सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई,जिसमें खगड़िया सदर विधानसभा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य के टॉप-5 विधानसभा क्षेत्रों में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
इस उपलब्धि की घोषणा जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बैठक में की।उन्होंने खगड़िया संगठन की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान में खगड़िया सदर विधानसभा का प्रदर्शन अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।साथ ही उन्होंने बबलू कुमार मंडल के जिलाध्यक्ष के रूप में किए गए कार्यों और संगठन विस्तार में उनकी भूमिका की भी सराहना की।
बैठक के बाद विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं,बल्कि जेडीयू के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन के मॉडल पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है,जिसके कारण पार्टी का जनाधार मजबूत हो रहा है।
विधायक ने कहा कि जेडीयू हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य,महिला सशक्तिकरण, सड़क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में जेडीयू और अधिक मजबूती के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया












