एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया शहर के सबसे व्यस्त एवं महत्वपूर्ण स्टेशन रोड पर दोबारा बढ़ते अवैध अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद खगड़िया की सभापति अर्चना कुमारी ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से विशेष अभियान चलाने एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि यदि समय रहते अतिक्रमण पर रोक नहीं लगाई गई तो शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी और आम लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी।नगर सभापति ने अपने पत्र में कहा है कि स्टेशन रोड नगर का सबसे महत्वपूर्ण व्यवसायिक एवं यातायात मार्ग है,जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है।इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, मरीज,व्यवसायी,सरकारी कर्मी तथा दूर-दराज से आने वाले लोग गुजरते हैं।लेकिन पिछले कुछ समय से सड़क के बीचों-बीच पुनः अवैध रूप से दुकानें,ठेले एवं अस्थायी अतिक्रमण लगाए जाने लगे हैं,जिससे लगातार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए गए व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान लगभग 15 वर्षों से जमे अवैध अतिक्रमण को काफी हद तक हटाया गया था।उस कार्रवाई के बाद स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ था और आम लोगों को बड़ी राहत मिली थी।लेकिन अब पुनः उसी स्थान पर अतिक्रमण बढ़ने लगा है, जिससे शहर एक बार फिर पुरानी समस्या की ओर बढ़ रहा है।
नगर सभापति ने कहा कि सड़क के बीचों-बीच हो रहे अतिक्रमण के कारण न केवल वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है,बल्कि एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी कठिनाई उत्पन्न हो रही है।
इसके अलावा स्कूली बच्चों, महिलाओं,बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को प्रतिदिन जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि स्टेशन रोड का स्वयं अथवा किसी सक्षम पदाधिकारी से निरीक्षण कराकर दोबारा विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए।साथ ही सड़क के बीचों-बीच किए गए सभी अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाते हुए भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं हो,इसके लिए नियमित निगरानी,गश्ती एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा,”स्टेशन रोड खगड़िया की जीवनरेखा है।इसे अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन और नगर परिषद दोनों की जिम्मेदारी है।पूर्व में हुई कार्रवाई से लोगों को बड़ी राहत मिली थी,लेकिन अब फिर से अतिक्रमण बढ़ने लगा है।जनहित और यातायात व्यवस्था को देखते हुए दोबारा कठोर कार्रवाई आवश्यक है, ताकि सड़क पर दोबारा अवैध कब्जा न हो सके।”
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में प्रभावी कार्रवाई कर स्टेशन रोड को पुनः अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा और शहरवासियों को जाम एवं अव्यवस्था से स्थायी राहत मिलेगी।नगर सभापति ने कहा कि नगर के सुव्यवस्थित विकास और आम नागरिकों की सुविधा के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया












