एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा लगातार वार्डों का भ्रमण कर रहे हैं।इसी क्रम में उन्होंने वार्ड संख्या-38 एवं 39 के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना।जनता के बीच पहुंचे ज्योतिष मिश्रा के सामने लोगों ने सड़क,नाला,जलनिकासी, साफ-सफाई,जलजमाव,स्ट्रीट लाइट एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखी।उन्होंने मौके पर ही कई समस्याओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को देने की बात कही तथा आवश्यकतानुसार स्थल निरीक्षण कराकर समाधान की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सभापति प्रतिनिधि ने कहा कि नगर परिषद का कार्यालय केवल कार्यालय की चारदीवारी तक सीमित नहीं है।जनप्रतिनिधियों की वास्तविक जिम्मेदारी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उसका समाधान कराना है।उन्होंने कहा कि वार्डों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करने से जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है और योजनाओं की प्राथमिकता तय करने में भी मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्य लगातार चल रहे हैं।सड़क एवं नाला निर्माण के साथ-साथ जलनिकासी, स्वच्छता,प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जनता से सीधे संवाद को बताया विकास की कुंजी ज्योतिष मिश्रा ने कहा कि“मेरे लिए जनता की समस्या ही सबसे महत्वपूर्ण विषय है।जिस वार्ड में जिस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर समाधान की आवश्यकता होगी,उस दिशा में संबंधित विभाग एवं नगर परिषद के स्तर से कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा।”
उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराएं और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।उन्होंने कहा कि जनता के सुझावों के आधार पर नगर क्षेत्र के विकास की योजनाओं को और बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है।
वार्ड संख्या-38 एवं 39 में सभापति प्रतिनिधि के इस जनसंपर्क अभियान से स्थानीय लोगों में भी सकारात्मक माहौल देखने को मिला।लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि के सीधे मोहल्ले में पहुंचकर समस्या सुनने से उनकी बात संबंधित अधिकारियों तक पहुंचने की उम्मीद बढ़ती है।सभापति प्रतिनिधि ने कहा कि आने वाले दिनों में भी नगर परिषद क्षेत्र के अन्य वार्डों में जाकर “जनता के बीच,जनता की समस्या के साथ”संवाद का यह सिलसिला जारी रहेगा।उनका कहना था कि विकास तभी सार्थक है,जब उसका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया















