एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया के बलुआही ठाकुरबाड़ी में झूलनोत्सव के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हो गया।पूर्व वार्ड पार्षद सह बलुआही ठाकुरबाड़ी कुश्ती (दंगल)कमिटी के सदस्य रणवीर कुमार ने बताया कि बलुआही ठाकुरबाड़ी में 24 अगस्त से 28 अगस्त तक आयोजित पांच दिवसीय झूलनोत्सव के अवसर पर बलुआही ठाकुरबाड़ी कुश्ती (दंगल)कमिटी के द्वारा 24 अगस्त से 27 अगस्त तक चार दिवसीय अंतरराज्यीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
उन्होंने बताया कि,गुरुवार अर्थात 27 अगस्त 2026 को अंतिम दिन नेपाल,मध्य प्रदेश,उत्तर प्रदेश के कानपुर, बनारस,गाजीपुर,झाँसी, राजस्थान,अयोध्या,झारखंड,बिहार के छपरा,पटना, बक्सर,भागलपुर,बेगूसराय एवं खगड़िया के रोहियार, बलौर,उसरी,तेहाय,रसौंक, पौरा और बलुआही (खगड़िया)के महिला एवं पुरुष पहलवानों के बीच 40 से अधिक कुश्ती के मुकाबले आयोजित किए गए।
दंगल कमिटी के सदस्य रणवीर कुमार के मुताबिक, कुश्ती(दंगल)प्रतियोगिता के फाइनल में गाजीपुर के राष्ट्रीय स्तर के पहलवान रितेश पहलवान से कुश्ती लड़कर जीतने वाले पहलवान को कुश्ती (दंगल)कमिटी के द्वारा 25,000 हजार रुपये ईनाम दिए जाने की घोषणा की गयी थी,लेकिन रितेश पहलवान से कोई पहलवान हाथ मिलाने तक को तैयार नहीं हुए।
विजेता एवं उपविजेता पहलवान को पूर्व एमएलसी प्रत्याशी सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव,बलुआही निवासी विक्रम यादव और आमिर खान के द्वारा नगद पुरुस्कार दिया गया।
बलुआही कुश्ती कमिटी को कुश्ती के आयोजन में विशेष रूप से सहयोग करने के लिए श्रुति हॉस्पिटल के डॉक्टर आरएस रंजन को युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी और राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने माला पहनाकर,अंग वस्त्र और पदचिन्ह देकर सम्मानित किया।
खगड़िया सदर विधायक बबलू मंडल ने पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान पाने वाले गाजीपुर के अंकित पहलवान, दूसरे स्थान पर रहने वाले खगड़िया बलौर के विक्की पहलवान और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले रोहियार (खगड़िया)के दीपक पहलवान को शील्ड और नगद पुरस्कार दिया।
इसी तरह महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली भगालपुर की नंदिनी कुमारी, द्वितीय स्थान पर रहने वाली झारखंड की प्रियंका कुमारी और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बनारस की खुशबू कुमारी को शील्ड और नगद पुरस्कर दिया गया।
इधर,कुश्ती प्रतियोगिता के भव्य आयोजन के लिए बलुआही ठाकुरबाड़ी के सचिव संजय कुमार उर्फ वेदो यादव,कोषाध्यक्ष ई.नंदन यादव,कुश्ती (दंगल)कमिटी के अध्यक्ष अंगद यादव,पूर्व वार्ड पार्षद सह दंगल कमिटी के सदस्य रणवीर कुमार, सदस्य मनोज चौधरी रोहित कुमार,प्रमोद साह,सकलदीप यादव,छेदी यादव तथा नवीन यादव को भी सदर विधायक बबलू कुमार मंडल द्वारा माला पहनाकर,अंग वस्त्र और पदचिह्न देकर सम्मानित किया गया।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया

