एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया।
खगड़िया जिले के रहीमपुर मध्य पंचायत अंतर्गत नन्हकू मंडल टोला स्थित मेनका–कार्तिकेय सदन के सभागार में महान समाज सुधारक, चिंतक और नारी शिक्षा के प्रणेता महात्मा ज्योतिबा फुले का 135वां परिनिर्वाण दिवस पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक बबलू मंडल सहित सभी अतिथियों द्वारा महात्मा फुले के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अपने संबोधन में विधायक बबलू मंडल ने कहा कि महात्मा फुले ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की जो मशाल जलाई, वह आज भी समाज को दिशा दिखा रही है। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले को शिक्षित कर देश का पहला बालिका विद्यालय स्थापित किया और महिलाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज फुले के उन्हीं सपनों को धरातल पर उतार रहे हैं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बिहार देश को दिशा दे रहा है। महिला रोजगार योजना के तहत 10 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, बालिका साइकिल योजना, पोशाक योजना और छात्रवृत्ति योजनाएँ फुले के विचारों को आगे बढ़ाने का जीवंत उदाहरण हैं। अध्यक्षीय संबोधन में आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि महात्मा फुले वैज्ञानिक चेतना के महान प्रतीक थे जिन्होंने छुआछूत, जातिवाद, सती प्रथा, विधवा उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ निर्भीक संघर्ष किया और समाज को नई सोच दी। उन्होंने फुले की प्रमुख कृतियों गुलामगिरी, अछूतों की कैफियत, तृतीय रत्न और इशारा को सामाजिक बदलाव की अमूल्य धरोहर बताया। कार्यक्रम में भाजपा राज्य परिषद सदस्य कृष्ण कुमार यादव उर्फ मुन्ना भाई, जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव उमेश सिंह पटेल, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रभाकर चौधरी मन्टून, जिला महासचिव राजीव रंजन, फिरदोस आलम, अनुज शर्मा, मानसी प्रखंड अध्यक्ष राजनीति प्रसाद सिंह, पंकज चौधरी, सुवोध पासवान, रंजन कुमार, अंकेश कुमार, जीवन शर्मा, हरिवंश कुमार एवं जदयू पंचायत अध्यक्ष विकास सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















