एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,परबत्ता (खगड़िया)
परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के नयागांव स्थित शिरोमणि ढाला पर आज क्रिटिकल केयर ब्लॉक (CCB) का भूमिपूजन विधिवत रूप से संपन्न हुआ। यह परियोजना क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना के लिए भूमि पूर्व परिवहन मंत्री डॉ. आर.एन. सिंह जी द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। वहीं, परबत्ता क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार जी की भी अहम भूमिका रही है। उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई थी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार पहले यहाँ एडिशनल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एडिशनल पीएचसी) का निर्माण कराया गया था, जिसके बाद क्रिटिकल केयर ब्लॉक की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। तीन महीने पहले ही इस अस्पताल की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी।
29 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, जिनमें—
आईसीयू,
ऑपरेशन थिएटर,
और 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवा प्रमुख हैं।इस अस्पताल के निर्माण से परबत्ता विधानसभा क्षेत्र की जनता को अब गंभीर इलाज के लिए बाहर रेफर नहीं होना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने इस पहल को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि यह परियोजना पूर्व परिवहन मंत्री डॉ. आर.एन. सिंह जी की दूरदर्शिता और पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार जी के सतत प्रयासों का परिणाम है।















