एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद के पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने एक सराहनीय और जनहितकारी पहल करते हुए वार्ड संख्या–30 स्थित बलुआही में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए ऑनलाइन बायोमेट्रिक जीवन प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन कराया।
इस शिविर का उद्देश्य वृद्धावस्था, विकलांग एवं विधवा पेंशन पाने वाले लाभुकों की पेंशन किसी भी स्थिति में बंद न हो और उन्हें समय पर अनवरत पेंशन मिलती रहे। शिविर में बड़ी संख्या में पेंशनधारियों ने पहुंचकर अपना जीवन प्रमाणीकरण कराया।
पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा हर वर्ष पेंशनधारियों का ऑनलाइन बायोमेट्रिक जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य रूप से कराया जाता है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि लाभुक जीवित हैं। यदि यह प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होती है तो पेंशन बंद होने की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के लिए 22 दिसंबर से 31 दिसंबर तक जीवन प्रमाणीकरण की तिथि निर्धारित की गई है, जिसे लाभुक सीएससी सेंटर या प्रखंड कार्यालय में निःशुल्क करा सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बलुआही में ही सीएससी सेंटर संचालक को बुलाकर पेंशनधारियों की सुविधा के लिए शिविर लगाया गया।
हालांकि, इस दौरान साइट की तकनीकी समस्या के कारण कुछ देर परेशानी भी हुई, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश लाभुकों का सफलतापूर्वक प्रमाणीकरण कराया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि इस तरह के प्रयासों से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलती है।

















