एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया। जिले के गंगौर थाना क्षेत्र अंतर्गत भदास गांव में महज चार वर्षीया मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद की गई नृशंस हत्या ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना ने न सिर्फ आम लोगों को आक्रोशित किया है, बल्कि खगड़िया की राजनीति में भी उबाल ला दिया है।
इस जघन्य अपराध पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पार्टी स्तर पर कड़ा रुख अपनाया है। राजद के खगड़िया जिलाध्यक्ष सह पूर्व एमएलसी प्रत्याशी मनोहर कुमार यादव ने सोमवार, 12 जनवरी 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि चार वर्षीया मासूम के साथ दरिंदगी कर उसकी हत्या किया जाना मानवता पर कलंक है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
राजद बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के बाद उच्चस्तरीय जांच कमिटी गठित करने का निर्णय लिया। इसके तहत 11 जनवरी 2026 को एक जांच कमिटी का गठन किया गया, जो मामले की हर पहलू से जांच करेगी।
जांच कमिटी की कमान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सह राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी को सौंपी गई है।
कमिटी में राष्ट्रीय महासचिव अलख निरंजन उर्फ बिनु यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष मधु मंजरी, प्रदेश महासचिव बल्ली यादव, प्रदेश प्रवक्ता सारिका पासवान, युवा राजद प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव तथा राजद खगड़िया जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव को शामिल किया गया है।
जांच कमिटी को निर्देश दिया गया है कि वह तीन दिनों के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन पड़ताल करे, संबंधित पुलिस पदाधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ले और यह भी जांच करे कि किन बिंदुओं पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट राजद प्रदेश मुख्यालय, पटना को सौंपी जाएगी।
राजद ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि 8 जनवरी 2026 को जारी पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि मृत बच्ची की मां के बयान के आधार पर गिरफ्तार अभियुक्त रंजीत कुमार को किन धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया, जो जांच की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,
6 जनवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे चार वर्षीय बच्ची अपने घर के पास से अचानक लापता हो गई थी।
7 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे, ड्रोन कैमरे की मदद से बच्ची का शव घर से लगभग 500 मीटर दूर सरसों के खेत से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद मृतिका की मां के बयान के आधार पर 10 घंटे के भीतर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया, हालांकि मामले से जुड़ी धाराओं को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं किया गया।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया















