एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर खगड़िया में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की एक सुंदर तस्वीर देखने को मिली। कृष्णापुरी बलुआही स्थित जिला राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय में 14 जनवरी 2026 को पूर्व एमएलसी प्रत्याशी सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के भाई-बहनों एवं गरीब बच्चों के लिए दही-चूड़ा, तिलवा और तिलकुट का सामूहिक भोज आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उत्सवी माहौल के बीच बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली। आयोजन का उद्देश्य केवल पर्व मनाना ही नहीं, बल्कि गंगा-जमुनी तहज़ीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को और मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने कहा -कि हम हर वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर अल्पसंख्यक समुदाय और गरीब बच्चों के साथ यह पर्व मनाते हैं। हिंदू-मुस्लिम सभी मिलकर एक-दूसरे के त्योहारों में शरीक होते हैं। ईद पर हम सेवइयाँ खाते हैं और मकर संक्रांति पर मुस्लिम भाइयों को दही-चूड़ा खिलाते हैं। यही हमारी भारत की साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी तहज़ीब है।”
उन्होंने मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व सूर्य के मकर राशि में प्रवेश और उत्तरायण की शुरुआत का प्रतीक है, जो नई ऊर्जा, खुशहाली और समृद्धि का संदेश देता है। यह पर्व भारत की संस्कृति, विज्ञान और प्रकृति के अद्भुत समन्वय को दर्शाता है।मनोहर यादव ने बताया कि मकर संक्रांति देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग नामों से मनाई जाती है—उत्तर भारत में मकर संक्रांति, गुजरात-महाराष्ट्र में उत्तरायण, तमिलनाडु में पोंगल और असम में माघ बिहू—लेकिन सभी का मूल भाव सूर्य उपासना, दान-पुण्य और सामाजिक एकता ही है।
कार्यक्रम में पूर्व वार्ड पार्षद सह जिला मीडिया प्रभारी रणवीर कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद जावेद अली, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव मो. आसिफ, जिला प्रवक्ता अजीत सरकार, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, युवा राजद जिला प्रधान महासचिव मो. नसीम उर्फ लंबू, जिला महासचिव सकलदीप यादव, राजद नेता मो. गुड्डू, मो. शमशाद, मो. शमीम, मो. दिलशाद, अजीत तिवारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।इस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि त्योहार केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का माध्यम हैं।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया















