एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो,खगड़िया
जिले के ज्वलंत मुद्दों को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी नवीन कुमार से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और त्वरित समाधान की मांग उठाई। शिष्टमंडल में विभिन्न दलों और संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि शामिल थे, जिन्होंने बिंदुवार अपनी बातें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
सबसे पहले धरना स्थल के मुद्दे को उठाते हुए प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्षों से समाहरणालय के सामने निर्धारित स्थान पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन होता रहा है, जिससे आम लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने में सुविधा मिलती थी। उन्होंने मांग की कि पूर्व व्यवस्था के अनुसार एक स्थायी धरना स्थल पुनः सुनिश्चित किया जाए।बैठक में जिले में तेजी से फैल रहे सूखा नशा (स्मैक) के बढ़ते प्रचलन पर गहरी चिंता जताई गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि नशे की चपेट में युवा वर्ग तेजी से आ रहा है, जिससे आपराधिक प्रवृत्तियां भी बढ़ रही हैं। इस पर प्रभावी और विशेष अभियान चलाने की मांग की गई।
श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज से जुड़े मामले को भी शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी के समक्ष रखा। उन्होंने इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त, भदास की घटना के बाद दर्ज प्राथमिकी में कुछ निर्दोष लोगों के नाम शामिल किए जाने की बात भी रखी गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर निर्दोषों को राहत दी जानी चाहिए।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि स्मैक के खिलाफ फरवरी माह से विशेष अभियान चलाया जाएगा। धरना स्थल के लिए स्थायी व्यवस्था पर संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही, संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और निर्दोषों को राहत देने की बात कही।
शिष्टमंडल में नागेंद्र सिंह त्यागी, मनोहर यादव, डॉ. अविनाश कुमार पासवान, विजय कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह, रणवीर कुमार, शिवराज यादव, प्रिंस कुमार, कृष्ण कुमार सिंह, रवि कुमार रजक, सुमन कुमार पटेल, अमरीश कुमार, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखरम सहित अन्य लोग शामिल थे।

एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो,खगड़िया













