एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया शहर के राम बहादुर आजाद चौक, बलुवाही स्थित डॉ. योगीराज रामनाथ अघोरी पार्क में गुरुवार को आजाद सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में प्रखर समाजवादी नेता, जेपी सेनानी एवं पूर्व विधायक स्व. राम बहादुर आजाद की 92वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। ‘फरकिया के गांधी’ के नाम से प्रसिद्ध आजाद बाबू को याद करने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. आजाद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण से हुई। “जब तक सूरज-चांद रहेगा, राम बहादुर आजाद तेरा नाम रहेगा” और “राम बहादुर आजाद अमर रहें” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
समारोह की अध्यक्षता भाकपा नेता प्रभाशंकर सिंह ने की, जबकि मंच संचालन युवा शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने किया। नगर पार्षद शिवराज यादव, भाजपा नेता ई. धर्मेंद्र यादव, राजद जिला मीडिया प्रभारी रणवीर कुमार, जदयू नेता मो. शहाबुद्दीन और ई. उदय सहित कई वक्ताओं ने कहा कि स्व. आजाद गरीबों, मजलूमों और शोषितों के सच्चे हिमायती थे और उन्होंने जीवनभर जनहित को सर्वोपरि रखा।
वक्ताओं ने उनके द्वारा चलाए गए मृत्यु भोज बहिष्कार आंदोलन और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष को आज भी प्रासंगिक बताया। जदयू प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, सामाजिक कार्यकर्ता लंबू जी, अक्षय सूरी, अजीत सरकार और प्रमोद यादव ने कहा कि स्व. आजाद जैसी विभूतियां समाज को दिशा देने के लिए विरले ही जन्म लेती हैं।
स्व. आजाद के पुत्र अंजय देव और पुत्री मालती देवी ने अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके सपनों में सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन, पुस्तकालयों की स्थापना और जरूरतमंदों की सहायता प्रमुख थी। आजाद सेवा ट्रस्ट ने इन विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने स्व. राम बहादुर आजाद के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया














