एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
पटना में NEET की छात्रा के साथ हुए कथित दुष्कर्म एवं हत्या की घटना और इस मामले में न्याय की मांग उठा रहे पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में खगड़िया में युवाओं का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। युवा शक्ति के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में युवा, छात्र, सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को जे.एन.के.टी. इंटर विद्यालय मैदान में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए, जहां सभा आयोजित की गई। सभा के बाद एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो एम.जी. मार्ग होते हुए राजेंद्र चौक पहुंचा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “नीट छात्रा को न्याय दो”, “पप्पू यादव को रिहा करो”, “लोकतंत्र का अपमान नहीं सहेगा बिहार” जैसे नारे लगाए।
राजेंद्र चौक पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। सभा को संबोधित करते हुए युवा शक्ति के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि पीड़िता के लिए आवाज उठाना किसी भी जनप्रतिनिधि का संवैधानिक दायित्व है, लेकिन आधी रात में सांसद की गिरफ्तारी लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है।
रामपुर पंचायत के मुखिया कृष्णानंद यादव ने इसे संसदीय मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कहा कि यदि एक सांसद सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिक की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। वहीं युवा शक्ति के प्रदेश उपाध्यक्ष आशुतोष यादव, जिलाध्यक्ष राजेश कुमार यादव और अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों पर सख्ती दिखाने के बजाय न्याय की मांग करने वालों को दबाने में लगी है।
सभा के अंत में नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पप्पू यादव को रिहा नहीं किया गया और NEET छात्रा मामले के दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में नीरज यादव, मनीष सम्राट, रुपेश यादव, अमरेश कुमार, जवाहर यादव, कवि रंजन यादव, रमेश चौधरी, सुरेश यादव, चंद्रशेखर तांती, दिनकर विद्यार्थी, कामदेव सिंह, इंद्रदेव दास, पवन दास, पंकज दास, ब्रजेश शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया














