एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया।

डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर मीट 2025 के अंतर्गत आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल खगड़िया ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से क्लस्टर चैंपियन का खिताब जीत लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने हर श्रेणी में शानदार खेल दिखाते हुए जिले का नाम रोशन किया। खगड़िया बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में अहम भूमिका रही, जो कि खगड़िया जिला बैडमिंटन संघ के तहत संचालित होती है। प्रतियोगिता में U-14 बॉयज सिंगल्स में आनंद कुमार (डीएवी खगड़िया) ने रोहन कुमार (डीएवी आईओसीएल, बेगूसराय) को सीधे सेटों में 21-8, 21-9 से हराया। U-14 डबल्स में आनंद कुमार व उमंग कुमार की जोड़ी ने अयान कुमार व रितेश कुमार (बेगूसराय) को 21-10, 21-12 से पराजित किया। U-17 सिंगल्स में आर्यन कुमार (डीएवी खगड़िया) ने सोनू कुमार (डीएवी एनटीपीसी, कहलगांव) को 21-11, 21-14 से हराया, जबकि U-17 डबल्स में आर्यन कुमार और तेजस कुमार की जोड़ी ने सोनू कुमार और संजय कुमार को 21-18, 21-11 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं U-17 गर्ल्स डबल्स में स्वस्तिका श्री और शांभवी बत्स (डीएवी खगड़िया) ने भी गोल्ड मेडल जीतकर जिले को गौरव दिलाया। खगड़िया जिला बैडमिंटन संघ के सचिव डॉ. एच. प्रसाद ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए कोच मिलन कुमारी और रणवीर सिंह को नियुक्त किया गया है, जो नियमित रूप से खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण दे रहे हैं। डॉ. प्रसाद ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में खगड़िया से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर कर सामने आएंगे। संघ के उपाध्यक्ष संजीव प्रकाश, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. प्रेम कुमार, संयुक्त सचिव अमन सिंह, रणधीर कुमार सिंह, पूर्व सचिव सदानंद प्रसाद, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता, सदस्य मुकेश कुमार, शोभा कुमारी, यश जगनी, अभिषेक चौधरी, डॉ. नागमणि नंदन व अन्य गणमान्य लोगों ने विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी तथा इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। खगड़िया डीएवी की यह जीत यह स्पष्ट संदेश देती है कि अब जिला स्तरीय विद्यालय भी राष्ट्रीय खेल परिदृश्य में अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार हैं।















