एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
गंगा और गंडक नदियों के बढ़ते जलस्तर ने खगड़िया में तबाही मचा दी है।गोगरी,परबत्ता,बेलदौर,चौथम और सदर प्रखंड के सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए हैं,हजारों परिवार बाढ़ के पानी में घिरे हैं और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है।नावों की भारी कमी,खाद्यान्न और शुद्ध पेयजल का संकट,दवाओं और आश्रय की कमी से लोग दिन-रात कठिनाइयों से जूझ रहे हैं।ऐसे विकट समय में,खगड़िया के लोकप्रिय सांसद राजेश वर्मा ने “जनता पहले” की अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए जिलाधिकारी को सख्त पत्र लिखा है।उन्होंने कहा—“यह केवल बाढ़ नहीं,बल्कि गंभीर मानवीय संकट है।प्रशासन को युद्धस्तर पर नाव,खाद्यान्न,पेयजल,दवाएं और पॉलिथीन शीट की व्यवस्था करनी होगी,ताकि जनहानि और जन-आक्रोश से बचा जा सके।”सांसद वर्मा ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि राहत कार्य में एक पल की भी देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने नावों की संख्या तुरंत बढ़ाने,हर प्रभावित गांव में सूखा राशन और पीने का पानी पहुंचाने,स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने,जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने,प्लास्टिक शीट और अस्थायी आश्रय का व्यापक वितरण करने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था पर जोर दिया।सांसद ने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और क्षेत्र के हर पीड़ित तक सहायता पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका कर्तव्य है कि संकट की इस घड़ी में किसी भी परिवार को अकेला महसूस न होने दिया जाए और राहत कार्य बिना रुके जारी रहें।
















