खगड़िया:गंगा और बूढ़ी गंडक नदियों का उफान लगातार बढ़ता जा रहा है,जिससे वार्ड नंबर-30 कृष्णापुरी बलुआही में तबाही का मंजर है।
दर्जनों घरों में पानी घुस चुका है,लोग अपना सामान सिर पर रखकर रेलवे लाइन,सड़कों और ऊंचे स्थानों पर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर थे।ऐसे संकट में खगड़िया नगर परिषद के पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई।उन्होंने तुरंत हालात की जानकारी सदर अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार को दी और आग्रह किया कि एमजी मार्ग पर शरण लिए हुए बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित ठिकाना और भोजन उपलब्ध कराया जाए।रणवीर कुमार के आग्रह पर एसडीओ ने जिला पदाधिकारी नवीन कुमार सिंह को अवगत कराया,दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे,स्थिति का जायजा लिया और अंचल अधिकारी को राहत कैंप व सामुदायिक रसोई शुरू करने का निर्देश दिया।
इस प्रशासनिक तत्परता और रणवीर कुमार के लगातार प्रयास से 9 अगस्त 2025 की शाम को बापू मध्य विद्यालय बलुआही को आधिकारिक रूप से बाढ़ राहत शिविर घोषित किया गया।यहां पर पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार स्वयं मौजूद रहकर सामुदायिक रसोई की निगरानी कर रहे हैं,जहां पीड़ित परिवारों को चावल,दाल और सब्जी परोसी जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि रणवीर कुमार न सिर्फ प्रशासन को अलर्ट करने में आगे रहे बल्कि राहत वितरण और पीड़ितों की देखभाल में भी सक्रियता से जुटे हैं।
वार्ड पार्षद रूबी कुमारी ने जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और सदर अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार का आभार जताते हुए कहा कि उनके आदेश और रणवीर कुमार की मेहनत से अब पीड़ित परिवारों को न तो खुले आसमान के नीचे सोना पड़ेगा और न ही भूखे रहना पड़ेगा।गांव के बुजुर्गों ने भी राहत शिविर को ‘उम्मीद का सहारा’ बताते हुए कहा—”रणवीर बाबू ने संकट की घड़ी में हमारी आवाज़ सरकार तक पहुंचाई,जिससे हमें आज छत और खाना मिला।”यह राहत शिविर तब तक जारी रहेगा जब तक पानी कम नहीं हो जाता और लोग अपने घर लौटने लायक स्थिति में नहीं आ जाते।


















