एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया
वर्ष 2025 के अंतिम दिन, बुधवार 31 दिसंबर को खगड़िया की धरती एक भावनात्मक और गरिमामयी क्षण की साक्षी बनी, जब स्मृति, श्रद्धा और समाजसेवा एक साथ साकार हुई। अवसर था खगड़िया नगर परिषद के पूर्व सभापति, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष मनोहर कुमार यादव तथा राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवराज यादव की पूज्य माता, शक्ति स्वरूपा स्वर्गीय शकुंतला देवी की प्रथम पुण्यतिथि का।
बलुआही कृष्णापुरी में आयोजित इस गरिमामयी श्रद्धांजलि समारोह में स्वर्गीय माता शकुंतला देवी की प्रतिमा का अनावरण सदर विधायक बबलू कुमार मंडल के करकमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि “माता शकुंतला देवी जैसी महिलाएं केवल परिवार की धुरी नहीं होतीं, वे समाज की आत्मा होती हैं। उनका जीवन त्याग, तपस्या, सादगी और ममता की जीवंत मिसाल है। ऐसी माताएं देह त्याग कर भी अपने संस्कारों और विचारों के माध्यम से पीढ़ियों को दिशा देती रहती हैं।” उनके शब्दों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर सभी अतिथियों एवं परिजनों ने स्वर्गीय माता जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। श्रद्धांजलि के साथ-साथ समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए, मनोहर कुमार यादव के सौजन्य से एवं विधायक बबलू कुमार मंडल के नेतृत्व में कड़ाके की ठंड से पीड़ित गरीब, निःसहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जहाँ एक ओर श्रद्धा ने स्मृतियों को सम्मान दिया, वहीं दूसरी ओर सेवा ने मानवता को ऊष्मा प्रदान की। यह आयोजन इस बात का सशक्त उदाहरण बना कि सच्ची श्रद्धांजलि वही है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदना और सहारा पहुँचाए।
कार्यक्रम में समाजसेवी नागेन्द्र सिंह त्यागी, जदयू जिला महासचिव राजीव रंजन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता प्रमोद यादव ने किया।
यह आयोजन न केवल एक श्रद्धांजलि समारोह रहा, बल्कि मातृत्व की महिमा, सामाजिक मूल्यों और मानवीय करुणा की जीवंत अभिव्यक्ति बनकर सामने आया।

एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया















