एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर एक ऐतिहासिक और निर्णायक पहल सामने आई है। नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा से शिष्टाचार भेंट के साथ एक बेहद अहम और विस्तृत बैठक की।इस मुलाकात को नगर के वर्तमान परिदृश्य और भविष्य की विकास दिशा तय करने वाली बैठक के रूप में देखा जा रहा है।
बैठक के दौरान नगर परिषद क्षेत्र से जुड़ी वर्षों से लंबित और आम जनता को प्रभावित करने वाली समस्याओं पर गंभीर मंथन हुआ। नगर की मुख्य एवं आंतरिक सड़कों का निर्माण व मरम्मत, नाला एवं जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना, बरसात में होने वाले जलजमाव की स्थायी समस्या का समाधान, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत व नई लाइटों की स्थापना, व्यवसायिक क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, अतिक्रमण नियंत्रण, नगर सौंदर्यीकरण तथा पार्क एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने सांसद को अवगत कराया कि नगर सभापति अर्चना कुमारी के नेतृत्व में नगर परिषद आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि खगड़िया को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगर बनाने के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, अतिरिक्त फंड और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्ट्रीट लाइट योजना और स्मार्ट शहरी सुविधाओं को और अधिक गति देने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद राजेश वर्मा ने नगर परिषद द्वारा किए जा रहे जमीनी प्रयासों की सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि खगड़िया नगर के विकास से जुड़े सभी प्रस्तावों को वे पूरी मजबूती के साथ संबंधित मंत्रालयों और विभागों के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ खगड़िया के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे, यह उनकी प्राथमिकता है।
नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए ज्योतिष मिश्रा ने कहा कि सांसद राजेश वर्मा की सादगी, सहजता और जनता के प्रति संवेदनशीलता चुनाव से पहले जैसी ही आज भी कायम है, जो आम लोगों के बीच उनके प्रति विश्वास को और मजबूत करती है।इस मुलाकात के बाद नगरवासियों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है। आमजन का मानना है कि जब स्थानीय जनप्रतिनिधि और सांसद मिलकर एक साझा लक्ष्य के साथ काम करते हैं, तो शहर का कायाकल्प होना तय है। खगड़िया के विकास की इस नई शुरुआत को एक मजबूत और सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।















