एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया: जब प्रतिभा संकल्प और सेवा से जुड़ जाती है, तब इतिहास रचा जाता है। खगड़िया की बेटी डॉ. स्वराक्षी स्वरा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि साहित्य केवल शब्द नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है।
राजकीय स्तर की सबसे बड़ी लर्निंग कम्युनिटी संस्था TOB (टीचर्स ऑफ बिहार – द चेंज मेकर) 20 जनवरी को अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस विशेष अवसर पर डॉ. स्वराक्षी स्वरा ने अपनी पहली बाल कविताओं की पुस्तक “भावना की उड़ान… स्वरा के साथ” को निःशुल्क रूप से सरकारी विद्यालयों के बच्चों को समर्पित कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस पुस्तक का प्रकाशन TOB के द्वारा किया गया है, जबकि तकनीकी सहयोग शिवेंद्र कुमार सुमन ने प्रदान किया। TOB के संस्थापक शिव कुमार ने इस पुनीत कार्य के लिए डॉ. स्वराक्षी स्वरा को साधुवाद देते हुए कहा कि बच्चों के लिए उनकी निस्वार्थ भावना समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
बाजारवाद के इस दौर में, जहां शिक्षा और साहित्य भी व्यावसायिकता की गिरफ्त में हैं, वहां खगड़िया की बेटी द्वारा निःस्वार्थ भाव से बच्चों को साहित्य समर्पित करना जिले के लिए गर्व का विषय है। यह कार्य खगड़िया के माथे पर चंदन लगाने जैसा बताया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी डॉ. स्वराक्षी स्वरा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी साहित्यिक पहचान बना चुकी हैं। साहित्यिक गतिविधियों के साथ-साथ शैक्षणिक कार्यों का कुशलतापूर्वक संपादन करने वाली स्वरा उन लोगों के लिए प्रेरणा हैं, जो समयाभाव का बहाना बनाते हैं।
इस संदर्भ में डॉ. स्वराक्षी स्वरा का कहना है,
“बच्चे हमारी पहचान हैं और साहित्य हमारा जीवन। मैंने दोनों को ही अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बना लिया है। मेरा प्रयास तब तक जारी रहेगा, जब तक खगड़िया बिहार का पर्याय नहीं बन जाता।”
आज यह गर्व की बात है कि बिहार का नाम आते ही देश के कई हिस्सों में खगड़िया और स्वराक्षी स्वरा का ज़िक्र होता है। अपने जिले और राज्य के लिए कार्य करने से उन्हें आत्मिक संतोष और खुशी मिलती है।
बहरहाल, पूरे खगड़िया जिले की ओर से डॉ. स्वराक्षी स्वरा को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।



















