एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया के गांधी पार्क, बापू नगर बलुआही में 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर बापू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी पार्क के अध्यक्ष महेश प्रसाद सिंह, सचिव सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव, युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी, पूर्व वार्ड पार्षद सह कोषाध्यक्ष रणवीर कुमार, सदस्य नंदन यादव, आमिर खान सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
अध्यक्ष महेश प्रसाद सिंह ने कहा कि गांधी जी ने अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने स्वच्छता को जीवनशैली और आत्मशुद्धि से जोड़ते हुए इसे स्वतंत्रता से भी अधिक महत्वपूर्ण बताया। गांधी जी ने स्वयं सफाई कर समाज को स्वच्छता और छुआछूत उन्मूलन का संदेश दिया।
सचिव सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने कहा कि आज समाज में फैली ऊंच-नीच और जाति-पांति की भावना को समाप्त करने के लिए गांधी जी के विचारों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने वर्तमान को सुधारने और समाज में समरसता लाने पर जोर दिया।
युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि गोडसे ने गांधी जी के शरीर को मारा, उनके विचारों को नहीं। गांधी जी के विचार आज भी जीवित हैं और राष्ट्र को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने ‘करो या मरो’ के संदेश को याद करते हुए अहिंसात्मक आंदोलन की आवश्यकता बताई।
वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी ने हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी समुदायों को साथ लेकर आजादी की लड़ाई लड़ी और देश को अंग्रेजों से मुक्त कराया। उन्होंने ग्रामीण और शहरी स्वच्छता के लिए हर घर में शौचालय की वकालत की तथा खुले में शौच का कड़ा विरोध किया। गांधी जी स्वच्छता को एक रचनात्मक कार्यक्रम मानते थे, जिसे कानून से अधिक लोगों की आदतों में शामिल होना चाहिए।
30 जनवरी का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत भावुक और महत्वपूर्ण है। यही वह दिन है जब बापू ने “हे राम” कहते हुए अंतिम सांस ली। हर वर्ष इस दिन को शहीद दिवस के रूप में मनाकर उनके आदर्शों को याद किया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने “गांधी तेरे अरमानों को मंजिल तक पहुंचाएंगे” और “महात्मा गांधी अमर रहें” के नारों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की और कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की गई।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













