एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया। नगर परिषद खगड़िया ने विकास और विरासत संरक्षण का संतुलित उदाहरण प्रस्तुत करते हुए वार्ड संख्या–13 (चांदनी चौक पंचायत भवन परिसर) में प्राचीन कुएं के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने फीता काटकर कार्य का शुभारंभ किया।
इस योजना पर ₹2,85,200 की लागत व्यय की गई है। विशेष बात यह है कि वार्ड संख्या–13 के साथ-साथ वार्ड संख्या–27 सहित कुल तीन वार्डों में तीनों कुओं का जीर्णोद्धार समान राशि ₹2,85,200 प्रति कुआं की लागत से कराया गया है।
नगर परिषद की यह पहल केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पारंपरिक जलस्रोतों के संरक्षण, जल संचयन को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में एक ठोस कदम है।लंबे समय से उपेक्षित पड़े इन कुओं को अब सुरक्षित एवं उपयोग योग्य बनाया गया है।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि आधुनिकता की दौड़ में जहां पारंपरिक जलस्रोत विलुप्त होते जा रहे हैं, वहीं नगर परिषद का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है।उद्घाटन समारोह में वार्ड पार्षद पप्पू यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विनय पटेल, पूर्व वार्ड पार्षद पूनम कुमारी, विनोद कुमार ‘गुगु’, कृष्णा कुमार, अभिषेक कुमार, उज्ज्वल कुमार, संजीव कुमार, श्रवण कुमार, गोपाल कुमार, साधु यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य समग्र विकास है, जिसमें आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक एवं पारंपरिक संसाधनों का संरक्षण भी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता के अनुसार अन्य वार्डों में भी पुराने जलस्रोतों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
नगर परिषद की यह पहल शहर में विकास, पर्यावरण संरक्षण और विरासत संवर्धन के समन्वय का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर उभरी है।
















