एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर खगड़िया जिले के चित्रगुप्त मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ने को तैयार है। मंदिर परिसर को भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और विशेष सजावट से पूरा वातावरण शिवमय हो गया है। दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जलाभिषेक के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी भी भक्त को परेशानी का सामना न करना पड़े।
आयोजन समिति द्वारा पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गई है, जिससे मंदिर में प्रवेश और निकास सुचारू रूप से हो सके और भीड़ नियंत्रित रहे। समिति के संयोजक नवीन कुमार सिन्हा ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
आयोजन समिति के सदस्य अधिवक्ता मुकेश कुमार, अनिल कुमार सिन्हा, अजिताभ सिन्हा, गोपाल कुमार, अनंत कुमार सिन्हा और संजीव मिश्रा लगातार व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं तथा स्वयंसेवकों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन दे रहे हैं। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
महाशिवरात्रि की रात विशेष पूजा-अर्चना और शिव-पार्वती विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। समिति ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे श्रद्धा, अनुशासन और शांति बनाए रखते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक करें और इस पावन अवसर को भक्तिमय वातावरण में मनाएं।
पूरा चित्रगुप्त मंदिर क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजने को तैयार है, जहां आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













