एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया जिले के गोगरी नगर परिषद क्षेत्र में हाल ही में चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान अब सवालों के घेरे में है। कुछ दिन पहले तक प्रशासन की सख्ती और बुलडोज़र कार्रवाई की तस्वीरें चर्चा में थीं, लेकिन अब हालात फिर पुराने जैसे हो गए हैं। सड़क किनारे अवैध दुकानें दोबारा लग चुकी हैं, नालों पर कब्ज़ा फिर हो गया है और बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अभियान के दौरान कई दुकानों और ठेलों को हटाया गया और जुर्माना भी वसूला गया, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। नियमित निगरानी नहीं होने के कारण हटाया गया अतिक्रमण कुछ ही दिनों में वापस लौट आया।
व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन ने कार्रवाई तो की, पर वैकल्पिक स्थान या स्थायी व्यवस्था नहीं बनाई। नतीजा—कुछ दिन राहत, फिर वही अव्यवस्था। आम राहगीर रोजाना जाम से परेशान हैं और लोगों में नाराज़गी बढ़ रही है।
अनुमंडल पदाधिकारी दीपक कुमार ने पहले कहा था कि दोबारा कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और प्रशासन की पैनी नजर बनी रहेगी। अब लोग पूछ रहे हैं कि जब कब्ज़े फिर लौट आए तो निगरानी कहाँ है?
फिलहाल गोगरी की जनता जवाब चाहती है—क्या अतिक्रमण हटाओ अभियान सिर्फ औपचारिकता था या प्रशासन लगातार कार्रवाई कर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाएगा? आने वाले दिनों में प्रशासन की अगली कार्रवाई इस पूरे मामले की सच्चाई तय करेगी।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













