एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया विधायक बबलू कुमार मंडल ने विधानसभा के शून्यकाल के दौरान जिले की जमीन से जुड़ी गंभीर समस्या को मजबूती के साथ उठाया।
विधायक ने सदन में सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि गैरमजरूआ खास, बकाश्त और टोपो लैंड की रसीद काटने पर लगी रोक की वजह से हजारों किसान परेशान हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जमीन पर वर्षों से काबिज और खेती कर रहे किसानों के पास दस्तावेज होने के बावजूद राजस्व रसीद नहीं कट पा रही है, जिससे वे कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं से वंचित हो रहे हैं।
विधायक ने कहा कि जब तक जमीन की रसीद नहीं कटेगी, तब तक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बिजली कनेक्शन, फसल क्षति मुआवजा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में वे पहले भी लिखित रूप से खाता-खेसरा को अद्यतन करने की मांग कर चुके हैं ताकि किसानों को राहत मिल सके। सदन में अपनी बात रखते हुए विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि ऐसे जमीन के कागजातों की जांच कर जल्द से जल्द रसीद काटने की प्रक्रिया शुरू की जाए, जिससे किसानों को प्रशासनिक अड़चनों से मुक्ति मिल सके और उन्हें उनका अधिकार प्राप्त हो सके।
खगड़िया विधायक बबलू कुमार मंडल ने यह भी कहा कि उनकी नजर जिले की सभी प्रमुख समस्याओं पर बनी हुई है और वे लगातार सदन में क्षेत्र की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने सदर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार, नगर परिषद और मानसी नगर पंचायत क्षेत्र में जलजमाव की गंभीर समस्या के समाधान हेतु स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम की मांग, तथा फुटकर विक्रेताओं के लिए स्थायी बाजार की व्यवस्था जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया है। विधायक ने कहा कि आम लोगों और किसानों को योजनाओं से वंचित रखना न्यायसंगत नहीं है और सरकार को इस दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक किसानों और आम नागरिकों को उनका अधिकार और सुविधाएं नहीं मिलतीं, वे सदन के भीतर और बाहर अपनी आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













