एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
नगर परिषद खगड़िया में सशक्त स्थायी समिति के पुनर्गठन के बाद आयोजित गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह ने स्पष्ट कर दिया है कि अब परिषद में निष्क्रियता के लिए कोई स्थान नहीं है।
अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार ने नव-निर्वाचित सदस्यों को विधिवत शपथ दिलाई और उन्हें निष्पक्षता, पारदर्शिता तथा जनहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी कमल सिंधु तथा नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। नई समिति में वार्ड संख्या–14 के पप्पू यादव, वार्ड संख्या–13 की अमृता देवी, वार्ड संख्या–35 की शोभा देवी तथा वार्ड संख्या–09 के ऋतु राज को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में बैठकों में लगातार अनुपस्थिति और निर्णय प्रक्रिया में अपेक्षित भागीदारी नहीं निभाने के कारण वार्ड संख्या–33 के जवाहर लाल यादव, वार्ड संख्या–17 की शकुंतला देवी, वार्ड संख्या–05 की मीना देवी तथा वार्ड संख्या–08 के प्रणव कुमार को समिति से पदमुक्त किया गया था। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि परिषद में जवाबदेही सर्वोपरि है और नगरहित से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सड़क, नाला, जलनिकासी और अन्य आधारभूत योजनाओं की नियमित समीक्षा कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी। कार्यपालक पदाधिकारी कमल सिंधु ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सक्रिय समिति ही योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन की गारंटी है।
अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि गोपनीयता की शपथ केवल औपचारिकता नहीं बल्कि एक नैतिक और प्रशासनिक दायित्व है, जिसे पूरी निष्ठा से निभाना होगा। समिति के पुनर्गठन को नगर परिषद खगड़िया में नई कार्यसंस्कृति की शुरुआत माना जा रहा है, जहां पारदर्शिता, अनुशासन और सक्रिय नेतृत्व के बल पर विकास को नई रफ्तार देने का संकल्प लिया गया है।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचेगा और शहर के समग्र विकास की दिशा में ठोस परिवर्तन दिखाई देगा।


एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया















