एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने बुधवार को विधानसभा में शून्यकाल के दौरान खगड़िया के तीन प्रमुख स्थलों के विकास की मांग उठाई और कहा कि ये स्थल न केवल खगड़िया के सौंदर्य और पर्यटन को बढ़ाएंगे बल्कि आम जनता और बच्चों के लिए भी आधुनिक, सुरक्षित और आकर्षक स्थल बनेंगे।
कसरैया धार को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की गई है, जिसमें पानी में जमे जलकुंभी की सफाई, बोटिंग की सुविधा, मनोरंजन और होटल-मोटल में ठहरने की व्यवस्थाओं को शामिल किया गया है ताकि पर्यटक यहां लंबा समय व्यतीत कर सकें और खगड़िया पर्यटन में अपनी अलग पहचान बना सके।
चित्रगुप्तनगर के चिल्ड्रेन पार्क का विस्तार और आधुनिकीकरण करने की मांग उठाई गई है, इसके लिए पास में पर्याप्त जमीन उपलब्ध है, जिससे यह पार्क बच्चों और परिवारों के लिए और अधिक आकर्षक, सुरक्षित और मनोरंजक स्थल बन सके।
दाननगर के पटेल पार्क को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने और इसमें सरदार बल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी विधानसभा में रखा गया है, ताकि यह पार्क खगड़िया के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाता हुआ एक प्रमुख केंद्र बन सके। विधायक ने स्पष्ट कहा कि खगड़िया के विकास से कोई समझौता नहीं होगा, वे हर पहलू पर पैनी नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर विशेष आग्रह पत्र सौंपेंगे।
सरकार ने इन मुद्दों को सूचीबद्ध किया है और अगले वित्तीय वर्ष तक इन्हें कार्यसूची में शामिल कर पूरा करने की संभावना जताई है। इन सुधारों और विकास योजनाओं से जनता को सीधा और स्थायी लाभ मिलेगा, खगड़िया के पर्यटन और मनोरंजन का चेहरा पूरी तरह बदल जाएगा और शहर की पहचान एक नए आयाम पर पहुंचेगी। सदर विधायक ने यह भी बताया कि लोक महत्व के अन्य मुद्दों को भी उन्होंने विधानसभा में उठाया है, जिनका जवाब विभाग के मंत्री के माध्यम से जनता के साथ साझा किया जाएगा।
खगड़िया के विकास के प्रति उनकी सजगता और प्रतिबद्धता लगातार जारी रहेगी और शहर के हर हिस्से में बदलाव लाने का लक्ष्य रखा गया है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया













