एसडीएफ न्यूज ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के मथार दियारा में गंगा नदी से हो रहे कटाव का मुद्दा सदन में गूंजा। सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से इस गंभीर समस्या को उठाया, जिस पर जल संसाधन विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने विस्तृत जवाब दिया।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और जरूरत पड़ने पर त्वरित संघर्षात्मक एवं संरक्षणात्मक कार्य कराए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि मथार दियारा गंगा एवं बूढ़ी गंडक नदी के संगम क्षेत्र के समीप स्थित है, जिससे वहां नदी का स्वाभाविक दबाव बना रहता है।
बरखंडी टोला, जंगली टोला, इंग्लिश टोला तथा मथार सहित आसपास के गांवों से नदी तट की दूरी लगभग 800 मीटर से 2500 मीटर के बीच है। वर्ष 2025 की बाढ़ के दौरान कुछ स्थानों पर कटाव हुआ था, लेकिन किसी आबादी को सीधा नुकसान नहीं पहुंचा और फिलहाल स्थिति सुरक्षित है।
22 अक्टूबर 2025 को विभागीय उच्चस्तरीय तकनीकी दल ने स्थल निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद लगभग 1.50 किलोमीटर लंबाई में गंगा नदी के बाएं तट पर 3:1 अनुपात में मिट्टी कटिंग कर सुरक्षात्मक कार्य कराने का सुझाव दिया गया, लेकिन संबंधित जमीन किसानों की निजी रैयती होने के कारण स्थानीय स्तर पर आपत्ति दर्ज कराई गई, जिससे काम तत्काल शुरू नहीं हो सका।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि बाढ़ अवधि 2026 में यदि आवश्यकता पड़ी तो तत्काल संघर्षात्मक कार्य कराए जाएंगे और सरकार क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मथार दियारा के लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित में हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।















