एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
बिहार के खगड़िया जिले से दबंगई और रंगदारी का गंभीर मामला सामने आया है। बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिघौन पंचायत के वार्ड संख्या 3 में अपने निजी हिस्से के घर में प्लम्बिंग का काम करवा रहे एक व्यक्ति पर पड़ोसियों द्वारा जानलेवा हमला करने और दो लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर इलाके में तनाव और भय का माहौल बताया जा रहा है।
पीड़ित मोहम्मद नैयर ने थाने में दिए गए लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि 24 फरवरी को वे अपने घर में पानी टंकी का पाइप लगवा रहे थे।
इसी दौरान पड़ोस के मोहम्मद अबुजर समेत तीन नामजद और दो-तीन अज्ञात लोग पारंपरिक हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि सभी ने मिलकर काम को जबरन रुकवा दिया और गाली-गलौज करते हुए दो लाख रुपये रंगदारी की मांग की।
पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने रंगदारी देने से इनकार किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
हालांकि पीड़ित का दावा है कि पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपी पक्ष के लोग आक्रामक व्यवहार करते रहे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते रहे।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार डरा-सहमा है। परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। पीड़ित ने थानाध्यक्ष से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया














