खगड़िया, एसडीएफ न्यूज ब्यूरो
नगर परिषद खगड़िया ने विकास के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वार्ड–29 की अशोक पेड़ा भंडार गली में नवनिर्मित पीसीसी सड़क का उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी ने किया। लगभग 20 लाख 62 हजार 900 रुपये की लागत से बनी इस सड़क के उद्घाटन से स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सड़कों की जर्जर स्थिति और बरसात में कीचड़, जलजमाव से वर्षों से परेशान नागरिकों को अब स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूल जाने वाले बच्चे अब सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ उठा सकेंगे।
उद्घाटन के मौके पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर तेजी से लागू करना है। शहर के हर वार्ड में सड़क, नाला, जलनिकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नगर परिषद के सभी वार्डों में समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सुनीता कुमारी, श्रवण कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजेश कुमार, राजकिशोर चौरसिया और कई स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों से जिस सड़क की मांग की जा रही थी, अब वह पूरी हो गई है।नगर परिषद के लगातार हो रहे विकास कार्यों से खगड़िया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। नई सड़क न केवल आवागमन सुगम करेगी बल्कि क्षेत्र में व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।














