एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया शहर में निर्माणाधीन बायपास सड़क को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के स्तर पर गंभीर मंथन शुरू हो गया है। शनिवार को खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने जिलाधिकारी नवीन कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन बायपास सड़क का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित मार्ग और भविष्य में यातायात व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक बबलू कुमार मंडल ने अधिकारियों के साथ बायपास सड़क के मौजूदा प्रस्तावित रूट पर विचार-विमर्श करते हुए एक वैकल्पिक मार्ग का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान योजना के अनुसार बायपास सड़क का निर्माण शहर के बीच से किया जा रहा है और आगे चलकर यह मार्ग सूर्य मंदिर चौक के पास काफी संकरा हो जाता है। ऐसे में आने वाले वर्षों में शहर का विस्तार और वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ इस मार्ग पर यातायात का दबाव भी काफी बढ़ सकता है।
विधायक ने कहा कि बायपास सड़क का मुख्य उद्देश्य शहर के भीतर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना और बड़े वाहनों को शहर के बाहर से ही वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराना है। यदि बायपास सड़क ही शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले हिस्से से होकर गुजरेगी, तो इसका उद्देश्य पूरी तरह पूरा नहीं हो पाएगा और भविष्य में जाम की समस्या बनी रह सकती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए विधायक ने अधिकारियों के समक्ष सुझाव रखा कि बायपास सड़क को सूर्य मंदिर चौक के पीछे से निकालते हुए गायत्री मंदिर के पास से जोड़ा जाए। उनके अनुसार इस मार्ग से सड़क ज्यादा चौड़ी और सुगम बन सकेगी, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही शहर के बीचोंबीच होने के बजाय बाहर से ही हो सकेगी। इससे शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आम लोगों को भी राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि यदि अभी से सड़क निर्माण में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखा जाए तो आने वाले वर्षों में शहर को ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का तकनीकी रूप से परीक्षण कर इसे व्यवहारिक बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएं।
विधायक के सुझाव पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बायपास सड़क निर्माण से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं की जल्द समीक्षा की जाए और यह देखा जाए कि वैकल्पिक मार्ग से सड़क निर्माण कितना संभव और व्यवहारिक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में केवल वर्तमान स्थिति ही नहीं बल्कि भविष्य की जरूरतों और शहर के दीर्घकालिक विकास को भी ध्यान में रखना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि वैकल्पिक मार्ग तकनीकी रूप से संभव हो तो आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसी दिशा में निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी स्थल का जायजा लिया और सड़क निर्माण से जुड़ी कई तकनीकी जानकारियां साझा कीं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि बायपास सड़क का निर्माण जनहित और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।
वहीं स्थानीय लोगों ने भी विधायक द्वारा दिए गए सुझाव की सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि बायपास सड़क सूर्य मंदिर चौक के पीछे से होकर निकाली जाती है तो शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आने वाले समय में जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकेगी। शहरवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर ऐसा समाधान निकालेंगे जो खगड़िया के भविष्य के लिए बेहतर साबित होगा।














