एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया जिले में खनन विभाग की एक महिला पदाधिकारी पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। नगर परिषद खगड़िया के सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने इस मामले को लेकर खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद, स्थानीय विधायक और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्योतिष मिश्रा ने अपने पत्र में कहा है कि जिले में कार्यरत उक्त महिला पदाधिकारी के खिलाफ क्षेत्र से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। लोगों का आरोप है कि कार्य से संबंधित मामलों में उनसे उचित व्यवहार नहीं किया जाता और अप्रत्यक्ष रूप से अवैध धन की मांग की जाती है।
उन्होंने बताया कि नगर से जुड़े कार्यों के सिलसिले में उन्होंने कई बार सीधे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन पदाधिकारी ने बातचीत करने के बजाय उन्हें अपने ड्राइवर से बात करने को कहा।
ज्योतिष मिश्रा का दावा है कि ड्राइवर ने डेली या मंथली आधार पर पैसों की मांग की।
ज्योतिष मिश्रा ने कहा कि यदि किसी अधिकारी के नाम पर पैसों की मांग की जाती है, तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न उठते हैं।
इससे आम नागरिक और जनप्रतिनिधियों के बीच भी असहज स्थिति पैदा होती है।
उन्होंने सांसद, विधायक और जिलाधिकारी से आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि जांच की जानकारी उन्हें प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों के सामने सच्चाई स्पष्ट हो सके।
इस मामले को लेकर जिले में चर्चा तेज हो गई है और स्थानीय लोग भी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

















