एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया
खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में नगर परिषद की सभापति अर्चना कुमारी ने वार्ड संख्या 26 और 27 में करीब 50 लाख 14 हजार 600 रुपये की लागत से निर्मित चार सड़क एवं नाला योजनाओं का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्र के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद खगड़िया के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। सड़क, नाला और जलनिकासी जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान करना उनका लक्ष्य है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर आवागमन और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
वार्ड संख्या 27 अंतर्गत सन्हौली में 21 लाख 43 हजार 800 रुपये की लागत से बने पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। वहीं वार्ड संख्या 26 के बैंक गली में 16 लाख 63 हजार 100 रुपये की लागत से निर्मित आरसीसी नाला और पीसीसी सड़क कार्य का भी उद्घाटन किया गया, जिससे जलनिकासी व्यवस्था मजबूत होगी और आवागमन बेहतर होगा।
इसके अलावा वार्ड संख्या 27 में दो अन्य योजनाओं का उद्घाटन हुआ। इनमें 5 लाख 65 हजार 900 रुपये की लागत से बने आरसीसी नाला और चेकर टाइल्स कार्य तथा 6 लाख 42 हजार 200 रुपये की लागत से बने आरसीसी नाला और पीसीसी सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में स्वच्छता और आवागमन दोनों बेहतर होंगे।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद खगड़िया को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं।
आने वाले समय में सभी वार्डों में इसी तरह विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद अंजू देवी, गुलशन कुमार, श्रवण कुमार, रविश कुमार सिंह, अभय कुमार, सुजीत कुमार, नीरज कुमार, नंदू कुमार और ललन कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नगर परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।














