खगड़िया। रक्षाबंधन के पावन दिन पर जब लोग घरों में त्योहार मना रहे थे, पूर्णियां के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पटना से पूर्णियां की ओर जाते हुए खगड़िया के सैनिक होटल में ठहरे और यहीं हुआ दिल छू लेने वाला दृश्य। होटल परिसर में मौजूद स्थानीय क्षेत्र की कई बच्चियाँ पारंपरिक परिधान में सजी हुईं जैसे हीं जान पाईं कि पप्पू यादव वहाँ हैं, वे राखी बाँधने पहुँच गईं।
सांसद ने मुस्कुराते हुए आग्रह स्वीकार किया और जैसे हीं नन्हें हाथों से राखी उनके हाथ में बंधी, माहौल में स्नेह और भावनाओं की मिठास घुल गई। उन्होंने हर बच्ची को मिठाई खिलाई, आशीर्वाद दिया और कहा—“यह केवल राखी नहीं, भरोसे का धागा है। जब कोई बच्ची राखी बाँधती है, तो वह कहती है ‘आप हमारे साथ हो।’ इस विश्वास को तोड़ना भाई के लिए सबसे बड़ा अपराध है।” उन्होंने रक्षाबंधन को नारी गरिमा और सामाजिक जिम्मेदारी का पर्व बताते हुए कहा कि बच्चियों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता में ईमानदारी से काम हो तो कोई भी बच्ची पीछे नहीं रह सकती। पप्पू यादव ने बच्चियों को देश की सबसे बड़ी पूंजी बताया और कहा कि जब कोई बच्ची उन्हें राखी बाँधती है, तो वह पूरे समाज की जिम्मेदारी बन जाती है। इस मौके पर युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि राजनीति में जहाँ नेता चुनाव के समय ही दिखते हैं, वहाँ पप्पू यादव का बच्चियों से राखी बंधवाना और उसे पूरे मन से स्वीकार करना काबिले-तारीफ़ है। उन्होंने सभी से अपील की कि बच्चियों को बाहरी खतरों के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों से भी सुरक्षित रखना होगा। मौके पर समाजी प्रफुल्ल चंद्र घोष, राहुल कुमार, मुखिया शशिभूषण कुमार, युवा शक्ति के प्रदेश उपाध्यक्ष आशुतोष यादव, मौसम कुमार गोलू, अब्दुल मन्नान बादल सहित कई लोग मौजूद रहे।
















