एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो,खगड़िया
खगड़िया जिले में खेल एवं युवा विकास के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए बिहार फुटबॉल एसोसिएशन के निर्देश पर पर्यवेक्षक इश्तियाक अहमद ने हिरोज़ क्लब मानसी के सचिव और कार्यकारी जिलाध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू को सर्वसम्मति से जिला फुटबॉल एसोसिएशन खगड़िया का नया अध्यक्ष और शंकर कुमार सिंह को सचिव नियुक्त किया। सैनिक होटल एंड रिसॉर्ट में आयोजित विशेष बैठक में इस निर्णय की घोषणा होते ही खिलाड़ियों, क्लब प्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। बैठक में मो. जावेद अख्तर को कार्यकारी जिलाध्यक्ष, मो. कमाल, रंजन राज और सुशील सिंह को उपाध्यक्ष, रौशन गुप्ता को संयुक्त सचिव, संजय कुमार पटेल, सुभाष सिंह और विनय कुमार को उप सचिव, रुपेश रंजन और मनीष कुमार को कार्यालय सचिव, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अमीर पासवान को कोषाध्यक्ष, जबकि मो. शाद उद्दीन, नीतीश कुमार, नीरज कुमार, धर्मेंद्र पोद्दार और सुभाष साह को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। वहीं रौशन कुमार, अंबुज कुमार, आनंद गुप्ता, कैलाश पंडित और निलेश कुमार यादव को सदस्य मनोनीत किया गया।
अभय कुमार गुड्डू लंबे समय से फुटबॉल के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रहे हैं। हिरोज़ फुटबॉल क्लब मानसी के सचिव रहते उन्होंने न केवल कई जिलास्तरीय और राज्यस्तरीय टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करवाया, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देकर फुटबॉल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने जमीनी स्तर से खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया और पारदर्शिता, समर्पण और सामूहिक निर्णय की शैली से काम किया।
अपने पहले संबोधन में श्री गुड्डू ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जिला स्तरीय फुटबॉल लीग की शुरुआत, विशेषज्ञ कोच द्वारा प्रशिक्षण शिविर, पंचायत और नगर निकायों के सहयोग से मैदानों का विकास, स्कूल व कॉलेज स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन और महिला फुटबॉल को प्रोत्साहन होगी। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
खेल के साथ सामाजिक एकता का संदेश
श्री गुड्डू का मानना है कि फुटबॉल सिर्फ खेल नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, अनुशासन और नेतृत्व का माध्यम है। उनके नेतृत्व में जिला फुटबॉल एसोसिएशन खिलाड़ियों के तकनीकी विकास के साथ-साथ समाज में सकारात्मकता और भाईचारे का संदेश फैलाने का काम भी करेगा।अभय कुमार गुड्डू और उनकी पूरी टीम को बधाई देने वालों में जिले के खेल संगठन, शिक्षण संस्थान, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शामिल रहे। बिहार फुटबॉल संघ ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में खगड़िया फुटबॉल का एक सुनहरा दौर शुरू होगा।
















