खगड़िया से एक अनोखी और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। यहाँ जन्मदिन सिर्फ मोमबत्ती बुझाने और केक काटने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज को रोशनी देने वाला पर्व बन गया। जिला फुटबॉल एसोसिएशन खगड़िया के अध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू ने अपने पुत्र आदित्याभय का जन्मदिन कुछ अलग अंदाज़ में मनाया। रेलवे प्राथमिक विद्यालय मानसी में आयोजित सादगीपूर्ण कार्यक्रम में उन्होंने छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी और कलम का वितरण कर यह संदेश दिया कि असली उपहार वही है जो आने वाली पीढ़ी के काम आए।
बच्चों के हाथों में जब नई कॉपियाँ और कलमें पहुँचीं, तो उनके चेहरों पर खुशी और आँखों में चमक दिखाई दी। यह दृश्य खुद ब खुद बता रहा था कि शिक्षा की ओर बढ़ाया गया छोटा सा कदम भी बच्चों के लिए कितना बड़ा तोहफा बन सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभय कुमार गुड्डू ने कहा—
“हर बच्चा भविष्य का दीपक है। अगर हम उनके हाथों में ज्ञान का दीपक जला सकें, तो इससे बड़ा कोई पुण्य नहीं। मेरा मानना है कि जन्मदिन व्यक्तिगत खुशी का ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर होना चाहिए।”
विद्यालय के शिक्षक राकेश रोशन ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि—
“कॉपी और कलम जैसी साधारण लगने वाली चीज़ें भी हमारे विद्यालय के बच्चों के लिए बहुत मायने रखती हैं। कई बार अभिभावक आर्थिक कारणों से इन्हें समय पर उपलब्ध नहीं करा पाते। ऐसे में आज का यह उपहार बच्चों की पढ़ाई को गति देगा और उनका मनोबल बढ़ाएगा।”इस मौके पर शिक्षिका प्रीति कुमारी, मधुलिका, रुद्रनारायण प्रताप ठाकुर, श्रेया तिवारी समेत कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस तरह की पहल समाज में शिक्षा के महत्व को बढ़ाने के साथ-साथ दूसरों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
यह आयोजन इस बात का सबूत है कि जन्मदिन सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि समाज को कुछ देने का अवसर भी हो सकता है। और जब बच्चों के हाथ में कलम हो, तो वही कलम उनके भविष्य की तकदीर लिखती है।

















