एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया
बिहार के लिए यह गर्व और उत्साह का बड़ा क्षण है। देश के सबसे बड़े क्रिकेट मंच आईपीएल 2025 में बिहार के लाल सार्थक रंजन का चयन होते ही पूरे राज्य में खुशी की लहर दौड़ गई है। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव एवं राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के पुत्र सार्थक रंजन को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल कर बिहार के क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। इस उपलब्धि पर युवा शक्ति संगठन और खेल व सामाजिक जगत के नेताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए सार्थक रंजन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि सार्थक रंजन की सफलता केवल एक खिलाड़ी की नहीं बल्कि पूरे बिहार के युवाओं की जीत है, यह साबित करता है कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर बिहार का युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है। युवा शक्ति के प्रदेश महासचिव कृष्णा नंद यादव, प्रदेश सचिव नीलेश यादव, जिलाध्यक्ष राजेश यादव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष मिथुन कुमार शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष आशुतोष कुमार यादव सहित अन्य नेताओं ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू ने कहा कि पप्पू यादव केवल एक जनप्रिय सांसद ही नहीं बल्कि युवाओं के मार्गदर्शक भी हैं, जिनके सकारात्मक विचारों और प्रोत्साहन का असर आने वाली पीढ़ियों पर साफ दिखाई दे रहा है। वहीं युवा शक्ति नेता जवाहर यादव, कविरंजन कुमार, जयशंकर सुमन, ग्रीस रंजन यादव, झलेंद्र यादव, नीरज कुमार, इंकू सिंह, देवराज आनंद, दारा सिंह, रुपेश कुमार और मनीष सम्राट ने केकेआर प्रबंधन को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने सार्थक रंजन की प्रतिभा को पहचान कर सही मंच दिया है। नेताओं ने विश्वास जताया कि सार्थक रंजन आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर न केवल अपनी टीम बल्कि बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे और यह सफलता बिहार के हर युवा को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी।

एसडीएफ न्यूज़ ब्यूरो, खगड़िया













